Noida greno Roads Submerged In First Rain Life Disrupted
पहली ही बारिश में डूबीं नोएडा-ग्रेनो की सड़कें
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, नोएडा
माॅनसून की पहली तेज बारिश ने मंगलवार को नोएडा में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। मौसम विभाग की ओर से पहले ही येलो अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। इसके साथ ही सड़कों पर लंबा जाम लगा और कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। हालात ने नोएडा प्राधिकरण की माॅनसून की तैयारियों के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। करीब 11 बजे कुछ समय के लिए धूप निकली, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। करीब दो बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो देखते ही देखते तेज बारिश और तेज हवाओं में बदल गई। बारिश के दौरान कई स्थानों पर होर्डिंग क्षतिग्रस्त होने और पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। सबसे ज्यादा परेशानी सेक्टर-62 में देखने को मिली, जहां सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया। जलभराव के कारण कई बाइक बीच रास्ते में बंद हो गईं और लोगों को उन्हें धक्का देकर निकालना पड़ा। रजत विहार, सेक्टर-37 और अन्य कई क्षेत्रों में भी पानी भर गया। इससे पैदल राहगीरों व वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
विभिन्न RWA ने नालों की सफाई पर उठाए सवाल
सेक्टर-108 और सेक्टर-105 की रेजिडेंट वेलफेयर असोसिएशनों ने जलभराव के लिए नालों की सफाई में लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। सेक्टर-108 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने प्राधिकरण के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर नालियों की तत्काल सफाई की मांग की है। वहीं सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने आरोप लगाया कि मुख्य नाले के ओवरफ्लो होने से दूषित पानी सेक्टर की सड़कों और आंतरिक नालियों में भर गया। उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।