Not Heart Attack Youth Died Due To Drowning In Pool Postmortem Report Reveals
हार्ट अटैक नहीं, पूल में डूबने से हुई युवक की मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज,नोएडा
सेक्टर-135 के डूब क्षेत्र के फार्महाउस में रविवार रात स्विमिंग करते समय डूबने से 26 वर्षीय लकी का मंगलवार को पोस्टमॉर्टम किया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण शरीर में पानी भरना बताया गया है। पुलिस के अनुसार, शरीर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। इसके बाद परिजनों ने भी मान लिया कि लकी की मौत डूबने से हुई है। पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत फेफड़ों में पानी भर जाने से हुई। जांच में अब तक किसी तरह की संदिग्ध परिस्थितियां सामने नहीं आई हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक के परिजनों ने इस मामले में किसी के खिलाफ शिकायत नहीं दी है। साथ ही किसी पर संदेह व्यक्त नहीं किया है। ऐसे में पुलिस ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर दी है। गौरतलब है कि 26 वर्षीय लकी की फार्म हाउस के स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई थी। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ भी की थी। पुलिस का कहना है कि यदि भविष्य में परिजनों की ओर से कोई शिकायत मिलती है या जांच के दौरान नए तथ्य सामने आते हैं तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।