बेसमेंट में जलभराव, डेंगू वॉर्ड पहली मंज़िल पर शिफ्ट

नवभारतटाइम्स.कॉम
sector 10 civil hospitals dengue ward shifted from basement to first floor due to waterlogging
nNBT न्यूज, गुड़गांव

मॉनसून के बीच सेक्टर-10 सिविल अस्पताल के बेसमेंट में जलभराव की समस्या एक बार फिर सामने आ गई है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन को एहतियात के तौर पर बेसमेंट में संचालित 32 बेड के डेंगू वार्ड को पहली मंजिल पर शिफ्ट करना पड़ा। प्रशासन का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा और संक्रमण के खतरे को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। अस्पताल परिसर में हर साल मॉनसून के दौरान सीवर बैक होने से बेसमेंट में गंदा पानी भर जाता है। इस बार भी बारिश के बाद यही स्थिति बनी। पानी निकालने के लिए अस्पताल की ओर से मोटर लगाई गई है लेकिन उससे भी पूरी तरह राहत नहीं मिल पा रही है। इसके चलते डेंगू वार्ड को अस्थायी रूप से पहली मंजिल पर शिफ्ट किया गया है। बता दें अस्पताल प्रबंधन की ओर से बार-बार शिकायतों के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। अब अस्पताल प्रशासन ने इस मामले में नगर निगम को पत्र लिखकर जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की है। पीएमओ डॉ. नीना ने बताया कि बारिश के दौरान बेसमेंट लो लेवल होने की वजह से सीवर बैक प्रेशर होता है। जिससे हर साल बेसमेंट में गंदा पानी भर जाता है। ऐसे माहौल में भर्ती मरीजों में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है। मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फिलहाल डेंगू वॉर्ड को पहली मंजिल पर शिफ्ट कर दिया गया है। साथ ही एमसीजी को पत्र भेजकर समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की गई है। बताया कि पंप से पानी को निकाला जाता है, लेकिन स्थायी समाधान जरूरी है। ताकि मरीजों को इन्फेक्शन का खतरा न रहे और बार बार वॉर्ड को शिफ्ट करने की भी जरूरत न रहे।