Youth Dies In Collision With Uncontrolled Bike Fir Registered In Kherki Daula
बेकाबू बाइक की टक्कर से युवक की मौत, FIR
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव: खेड़की दौला थाना एरिया में एक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मूलरूप से ग्राम घटारी, पन्ना मध्य प्रदेश के रहने वाले अनंत कुमार चौधरी ने पुलिस को बताया कि वह गुड़गांव के न्यू काकरोला रोड स्थित एक किराए के मकान में रहते हैं और मजदूरी करते हैं। उनके साथ उनके चाचा का लड़का राजकुमार चौधरी भी रहता था। 5 जुलाई को उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई राजकुमार का एक्सिडेंट हो गया है। जब वह मौके पर पहुंचे, तो राजकुमार सड़क के किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था। आसपास के लोगों से पता चला कि अज्ञात बाइक चालक ने राजकुमार को सीधी टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। राजकुमार को इलाज के लिए पहले प्रकाश अस्पताल, मानेसर में भर्ती कराया गया। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया, जिसके बाद परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल, सेक्टर-10 में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। खेड़की दौला थाने के एएसआई जितेंद्र मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश में जुट गई है।