Cyber Fraud With Foreign Nationals 6 Accused Arrested Rs 5200 Cash And Laptops Recovered
विदेशी नागरिकों से साइबर ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा, 6 आरोपी अरेस्ट
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
बिसरख थाना पुलिस ने विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो युवकों और चार युवतियों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से छह लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, एक हेडफोन, साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और 5,200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।पुलिस के मुताबिक आरोपी गूगल पर वायरस हटाने, बग्स फिक्स करने, कंप्यूटर रिपेयर और साइबर सिक्यॉरिटी से जुड़े फर्जी विज्ञापन चलाते थे। तकनीकी समस्या का समाधान तलाशने वाले लोगों की कॉल इनके फर्जी नंबरों पर पहुंचती थी। इसके बाद आरोपी खुद को अमेरिकी सोशल सिक्यॉरिटी विभाग या टेक्निकल सपोर्ट टीम का अधिकारी बताकर अमेरिकी नागरिकों से विभिन्न बहानों से रकम ठग लेते थे। इसके लिए इंटरनेट आधारित कॉलिंग सिस्टम और विशेष ऐप का इस्तेमाल किया जाता था।
लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने चेरी काउंटी सोसायटी में छापेमारी कर गिरोह के सरगना आकिब अमीन, चर्चित शर्मा तथा चार महिला सहयोगियों कृष्णा देव वर्मन, एंजल देव वर्मन, रंजना सुनार और रेखा को गिरफ्तार किया। अधिकांश आरोपी असम के रहने वाले हैं और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहकर इस नेटवर्क का संचालन कर रहे थे। सभी के खिलाफ आईटी एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस बरामद डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।