ढाई महीने से पानी की पाइपलाइन में लीकेज, दीवारों में आई सीलन

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad pipeline leakage for two and a half months dampness in walls risk of collapse
n NBT न्यूज, फरीदाबाद : सेक्टर-30 में कई दिनों से पानी की पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रहे रिसाव से आसपास के मकानों की दीवारों में सीलन आ गई है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि इस बारे में कई बार नगर निगम में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। निगम अधिकारी प्लंबर न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं।

लोगों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी भी समय दीवार गिरने जैसी दुर्घटना हो सकती है। आरडब्ल्यूए प्रधान राजेश तोमर और जनरल सेक्रेटरी दीपक गुप्ता ने बताया कि पिछले कई दिनों से मकान नंबर 396 के पास पाइपलाइन में लीकेज की समस्या है। पिछले कुछ समय से बार-बार पाइपलाइन में लीकेज की समस्या हो रही है। स्थायी समाधान न होने के कारण यह समस्या बार-बार शुरू हो जाती है। यहां करीब 10 फुट की पाइपलाइन डालने की जरूरत है। लीकेज की समस्या के कारण मकान की दीवार में सीलन आ गई है। यहां पिछले डेढ़ महीने से समस्या बनी हुई है। लोगों का कहना है कि मकान की दीवार थोड़ी-सी झुक गई है। इसके कारण दीवार गिरने का भी खतरा बना हुआ है। निवासी पिछले ढाई महीने से पाइपलाइन लीकेज के कारण परेशानी झेल रहे हैं। नगर निगम के एसडीओ प्रेम का कहना है कि टेंडर हो गया है। जल्द ही इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।