मरीजों की जगह बेरोजगारों की 'नब्ज़' टटोलने लगा डॉक्टर

नवभारतटाइम्स.कॉम
noida doctors racket fake call center opened to defraud unemployed
n NBT रिपोर्ट, नोएडा

जब मेडिकल के छात्रों को पढ़ाने का धंधा मंदा पड़ा, तो एक डॉक्टर साहब ने रातों-रात अमीर बनने का शॉर्टकट ढूंढ निकाला। पैरामेडिकल इंस्टिट्यूट को बना दिया फर्जी कॉल सेंटर और शुरू हो गया नोएडा एयरपोर्ट के नाम पर करोड़ों की ठगी का धंधा। नोएडा साइबर पुलिस ने सेक्टर-22 में चल रहे एक ऐसे ही हाईटेक रैकेट का पर्दाफाश किया है, जहां बीटेक और बीकॉम पास युवाओं की फौज असली जैसे दिखने वाले जाली ऑफर लेटर थमाकर देश भर के बेरोजगारों को ठग रही थी। इस खेल का मास्टरमाइंड मेरठ का एक MBBS डॉक्टर है, जो फिलहाल पुलिस को चकमा देकर फरार है।
प्रतिबिंब पोर्टल की सूचना पर छापा: साइबर डीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि 8 जुलाई को 'प्रतिबिंब पोर्टल' से मिले इनपुट के आधार पर साइबर थाना टीम ने सेक्टर-22 स्थित लैम्बोदर इंस्टिट्यूट के दफ्तर पर छापेमारी की। वहां कई युवक-युवतियां हेडफोन लगाकर कॉलिंग करते मिले। मौके से पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान साकिब, अफरोज, सुमित गुप्ता, आमिर और आकाश उर्फ अमन के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने पहले यहां मेडिकल के छात्रों के लिए पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट शुरू किया था, लेकिन काम न चलने पर इसे फर्जी कॉल सेंटर में तब्दील कर दिया।