New Session To Begin At Lucknow University From Tomorrow New Guidelines Issued
एलयू में कल से होगा नए सत्र का आगाज़
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय में सोमवार से नए सत्र का आगाज होने जा रहा है। कैंपस में वापस पठन पाठन शुरू हो सकेगा। इसको लेकर प्रॉक्टर की ओर से शनिवार को गाइडलाइन जारी की है। नई व्यवस्था के तहत छात्रों के परिसर में अनावश्यक रूप से झुंड बनाकर इधर-उधर बैठने और घूमने पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा, शैक्षणिक परिसर में बाहरी छात्रों या व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह से निषिद्ध रहेगा और बिना किसी उपयुक्त कारण के परिसर में घूमने वाले लोगों के खिलाफ विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सख्त कार्यवाही की जाएगी।
प्रॉक्टर की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन अपने साथ अपना परिचय-पत्र लाना अनिवार्य है। जिनके पास परिचय पत्र नहीं है तो वह फीस रसीद की कॉपी साथ लेकर आएंगे। इसी के साथ ही कैंपस को नो वीइकल जोन भी घोषित किया गया है। इसके तहत कोई भी छात्र वाहन को कैंपस के अंदर नहीं ला सकेंगे। वाहन निर्धारित स्टैंड- द्वार संख्या एक, परीक्षा विभाग के पीछे, विवेकानंद द्वार और द्वार संख्या 7 पर ही खड़े करने होंगे। नए सत्र की पढ़ाई के लिए भी विभागों में टाइम टेबल पहले से ही लगा दिए गए हैं। सभी शिक्षकों की ड्यूटी भी विभागाध्यक्षों की ओर से तय कर दी गई है।