ज़िला अस्पताल में घायल महिला के इलाज में देरी का आरोप, हंगामा

नवभारतटाइम्स.कॉम
noida district hospital sees uproar over treatment delay video of doctors abuse goes viral
n NBT न्यूज, नोएडा

जिला अस्पताल की इमरजेंसी में सड़क हादसे में घायल महिला के उपचार में कथित देरी को लेकर शुक्रवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। परिजनों का आरोप है कि महिला को करीब 45 मिनट तक इलाज नहीं मिला। विरोध करने पर ड्यूटी डॉक्टर से उनकी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज तक पहुंच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति के साथ स्कूटी से जा रही थी। स्कूटी फिसलने से वह घायल हो गई। पति उसे सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोप है कि काफी देर इंतजार के बावजूद उपचार शुरू नहीं हुआ। परिजनों का कहना है कि शिकायत करने पर डॉक्टर और इंटर्न ने अभद्र व्यवहार किया तथा हाथापाई की भी कोशिश की। विवाद बढ़ने पर महिला ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल होने के बाद लखनऊ स्तर से मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। सीएमएस ने भी संबंधित डॉक्टर से जवाब तलब किया है। सीएमएस डॉ अशोक कुमार झा ने कहा कि इमरजेंसी में उपचार कराने आए मरीज के साथ अभद्रता का विडियो वायरल मामले में डॉक्टरों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही इंटर्न को हटा दिया गया है।