Noida Fake Call Center Busted Five Cyber Thugs Arrested Crore Rupees Fraud Revealed
फर्ज़ी कॉल सेंटर पर छापा पांच साइबर ठग गिरफ्तार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा
फेज-1 थाना पुलिस ने सेक्टर-2 में संचालित एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर पांच साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कम ब्याज पर तुरंत लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से प्रोसेसिंग फीस वसूलते थे और रकम मिलने के बाद संपर्क तोड़ देते थे। पुलिस का दावा है कि गिरोह देशभर में सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है। मौके से पांच मोबाइल, तीन लैपटॉप, छह चेकबुक, एक पासबुक, 160 कॉलिंग डेटा शीट, 11 रजिस्टर, एक बिलिंग बुक और इंटरनेट राउटर बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल नंबरों के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर विभिन्न राज्यों में 10 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं।एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि डीसीपी साइबर के निर्देशन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन साइबर ब्रज' के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार, मोहित, हर्ष शर्मा, स्वाति और प्रीति के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इंटरनेट से लोन लेने के इच्छुक लोगों का डेटा जुटाकर खुद को नामी फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताते थे। भरोसा जीतने के बाद प्रोसेसिंग फीस के साथ आधार, पैन, ओटीपी और बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर लेते थे। फीस मिलने के बाद मोबाइल नंबर बंद कर पीड़ितों से संपर्क समाप्त कर देते थे।