एक करोड़ की ठगी, शिकायत के लिए 8 महीने से थाने और CP आॅफिस के चक्कर काट रहे रिटायर्ड इंस्पेक्टर

नवभारतटाइम्स.कॉम
retired inspector scammed of 1 crore victim wandering police stations and cp office for 8 months
n NBT रिपोर्ट, नोएडा

सेक्टर-122 निवासी रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर संतोष कुमार करीब 1.05 करोड़ रुपये की निवेश ठगी का शिकार होने के बाद पिछले आठ माह से अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने 22 जून को सेक्टर-113 थाने और 28 जून को पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत दी। इससे पहले नवंबर 2025 में आईजीआरएस पर की गई शिकायत को यह कहकर निस्तारित कर दिया गया था कि मामला गाजियाबाद का है, जबकि पीड़ित का कहना है कि निवेश की पूरी डील सेक्टर-122 स्थित उनके घर पर हुई थी।
संतोष कुमार ने बताया कि उनकी पहचान गाजियाबाद के राजनगर निवासी मनोज कुमार शर्मा से थी। उसने ट्रेडिंग कारोबार में निवेश कर रकम दोगुनी करने का झांसा दिया और चार अन्य लोगों से मिलवाया। इनमें से दो आरोपी उनके घर आए और विभिन्न कंपनियों में निवेश का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने 'रोधक कृपा' और 'इंफ्रास्ट्रक्चर' नाम की फर्मों में आरटीजीएस के जरिए 1.05 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोपियों ने मई 2025 तक रकम दोगुनी लौटाने या ऐसा न होने पर वसुंधरा सेक्टर-2 स्थित कार्यालय की रजिस्ट्री उनके नाम करने का वादा किया था। बाद में पता चला कि कार्यालय आरोपियों का नहीं, बल्कि किराये का था। अब रकम मांगने पर आरोपी धमकी दे रहे हैं। एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि शिकायत की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।