356 Lakh Duped In Name Of Solar Panel Supply Fir Registered In Ballabgarh
सोलर पैनल सप्लाई के नाम पर ठग लिए 3.56 लाख रुपये, FIR दर्ज
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
सोलर पैनल उपलब्ध कराने का झांसा देकर एक कारोबारी से 3 लाख 56 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने का मामला सामने आया है। शिकायत की जांच के बाद साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।थाने में दर्ज केस के मुताबिक, सेक्टर-2 निवासी एक कंपनी में अधिकृत साझेदार हैं। उन्होंने बतया कि 19 जून को उन्हें एक शख्स का फोन आया। उसने खुद को एनर्जी कंपनी का कर्मचारी बताते हुए सोलर प्लेट्स की सप्लाई का प्रस्ताव दिया। आरोपी ने कहा कि कुल राशि का 60 प्रतिशत अग्रिम भुगतान करने पर 8 से 9 कार्य दिवस के भीतर माल की डिलिवरी कर दी जाएगी और शेष 40 प्रतिशत भुगतान डिलिवरी के बाद लिया जाएगा। शिकायतकर्ता के अनुसार, कंपनी की ओर से प्रोफार्मा इनवॉइस भेजे जाने के बाद उन्होंने 22 जून को अपनी फर्म के बैंक खाते से आरटीजीएस के माध्यम से 3 लाख 56 हजार 940 रुपये कंपनी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। भुगतान मिलने के बावजूद न तो सोलर प्लेट्स की आपूर्ति की गई और न ही राशि लौटाई गई। आरोप है कि भुगतान के बाद कंपनी के अलग-अलग कर्मचारियों और अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन सभी ने केवल आश्वासन दिया।
बाद में कंपनी के प्रतिनिधियों ने फोन कॉल और वॉट्सऐप मेसेजों का जवाब देना भी बंद कर दिया। इसके बाद उन्हें अपने साथ साइबर धोखाधड़ी होने का अहसास हुआ। पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर अपराध थाना बल्लभगढ़ में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि मामले में बैंक लेन-देन, मोबाइल नंबर, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।