परिजन बोले-बेटे की हत्या हुई है, CBI से हो जांच

नवभारतटाइम्स.कॉम
agra canal death family demands cbi probe suspects murder
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

बीपीटीपी थानाक्षेत्र में शनिवार को आगरा कैनाल में कूदने वाले आकाश और महिला रश्मि की मौत का मामला उलझता ही जा रहा है। मृतक युवक के परिजनों ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए इसे हादसा या आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया है। परिजनों का दावा है कि युवक एक कुशल तैराक था और हरिद्वार में गंगा नदी तक तैरकर पार कर चुका था, इसलिए उसका कैनाल में डूबना सामान्य घटना नहीं हो सकती। परिजनों ने घटना की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।
मृतक आकाश के बड़े भाई विक्की उर्फ विकास ने आरोप लगाया कि उसके भाई अक्कू और महिला की साजिश के तहत हत्या की गई है। पहले दोनों को अचेत किया गया होगा और फिर नहर में फेंका गया। उनका कहना है कि अगर युवक बेहोश नहीं होता और उसके हाथ बंधे न होते, तो वे आसानी से कैनाल पार कर बाहर निकल सकते थे।

विक्की का दावा है कि आकाश को तैराकी आती थी। क्योंकि वह हर साल हरिद्वार कांवड़ लेने जाता था और वहां उसने गंगा नदी को तैरकर पार किया था, इसलिए आगरा कैनाल जैसी धारा में उसका डूब जाना कई सवाल खड़े करता है। परिजनों ने यह भी कहा कि दोनों के हाथ बंधे मिलने की बात को पुलिस गंभीरता से नहीं ले रही है। उधर, बीपीटीपी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार का कहना है कि परिवार के लोग जो भी संदेह जता रहे हैं, उन सभी बिंदुओं पर जांच की जाएगी। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। जबकि युवक पर कोई चोट के निशान नहीं है।