Faridabad Childs Death Case Reaches Human Rights Commission Reports Sought From Hospitals
बच्ची की मौत का मामला मानवाधिकार आयोग पहुंचा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
पांच माह की बच्ची की मौत मामले में हरियाणा मानवाधिकार आयोग (एचएचआरसी) ने गंभीर रुख अपनाया है। आयोग ने ईएसआई मेडिकल कॉलेज और बीके सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान कथित लापरवाही के आरोपों पर संज्ञान लेते हुए दोनों संस्थानों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। आयोग ने ईएसआई मेडिकल कॉलेज के निदेशक और फरीदाबाद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को अगली सुनवाई से पहले जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। आयोग के सदस्य दीप भाटिया के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि 17 मई 2026 को पांच माह की बच्ची की मौत डॉक्टरों की लापरवाही के कारण हुई। शिकायत में कहा गया है कि बच्ची को पहले ईएसआई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। वहां से उसे वेंटिलेटर बेड उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर बीके में रेफर कर दिया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बीके अस्पताल में भी वेंटिलेटर उपलब्ध नहीं था। बच्ची के पिता ने निजी अस्पताल में रेफर करने का अनुरोध किया, लेकिन डॉक्टरों ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि समय पर उचित उपचार नहीं मिलने के कारण बच्ची की जान चली गई। आयोग ने शिकायत में लगाए गए आरोपों को गंभीर मानते हुए ईएसआई मेडिकल कॉलेज के निदेशक और सीएमओ से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है। मामले की अगली सुनवाई 14 सितंबर को गुड़गांव स्थित कैंप कोर्ट में होगी।