Faridabad Severe Fire In Electricity Wires In Sarai Market Major Accident Averted
सराय मार्केट में बिजली के तारों में लगी आग, टला हादसा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
NBT न्यूज, फरीदाबाद
भीषण गर्मी के बीच गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे सराय मार्केट में बिजली के खंभे पर लटके तारों में अचानक आग लग गई। आग लगते ही बाजार में अफरातफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनजर दुकानदार और राहगीर खंभे के आसपास से दूर हट गए। समय रहते दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया, जिससे आसपास की दुकानों तक लपटें नहीं पहुंचीं और बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शी चंदन ने बताया कि आग लगते ही इसकी सूचना तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। टीम ने कुछ ही देर में आग पर नियंत्रण पा लिया। इसके बाद बिजली विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त तारों का निरीक्षण कर बिजली आपूर्ति बहाल करने का कार्य शुरू किया। आग के कारण कुछ समय के लिए सराय मार्केट क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रही।