Greno West Four Girls Stuck In Lift For 30 Minutes Spent Time Reciting Hanuman Chalisa
लिफ्ट में 30 मिनट तक फंसी रहीं चार लड़कियां
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज,ग्रेनो वेस्ट
सेक्टर टेकजोन 4 स्थित गैलेक्सी वेगा सोसायटी में सोमवार देर रात लाइट जाने के कारण एक टावर की लिफ्ट में चार लड़कियां फंस गईं। परिजनों का कहना है कि वे 30 मिनट तक फंसी रहीं। इस दौरान उन्होंने लिफ्ट के अंदर हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसका विडियो वायरल हो रहा है। आरोप है कि एआरडी सिस्टम और इमरजेंसी अलार्म तक ने काम नहीं किया। निवासी संजय सारस्वत, अभिभावक शरदेंदु दत्त शुक्ला, हरेंद्र शर्मा ने बताया कि सोमवार रात करीब 8 बजे टावर ई में 11वें फ्लोर पर जाने के लिए चार लड़कियां ग्राउंड से लिफ्ट में चढ़ी थीं। पांचवें फ्लोर पर लिफ्ट अटक गई। लिफ्ट में फंसी एक लड़की के पास मोबाइल था। उन्होंने डर दूर करने के लिए हनुमान चालीसा पढ़ी और उसका विडियो भी बनाया। इससे पहले पहले उन्होंने अपने अभिभावक को भी कॉल कर सूचित किया। अभिभावक 11वें फ्लोर से पांचवें फ्लोर तक ढूंढ़ते हुए पहुंचे। आरोप है कि करीब 30 मिनट बाद दरवाजा अपने आप खुलने पर लड़कियां बाहर निकलीं। सूचना के बाद भी मेंटिनेंस प्रबंधन का कर्मचारी नहीं आया। आरोप है कि अभिभावक मेंटिनेंस कार्यालय पहुंचे तो उनके साथ एओए सदस्यों ने दुर्व्यवहार किया।
सोसायटी की एओए के अध्यक्ष सुरेश नागर ने बताया कि मुख्य बिजली की सप्लाई बंद होने के कारण देर रात कुछ दिक्कत आई थी। बच्चों के लिफ्ट में फंसे होने की सूचना मिलते ही कुछ देर बाद निकाल लिया गया है। हमारे ऊपर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। अभिभावकों से दुर्व्यवहार का आरोप गलत है।