सेक्टर-132 के सामने मिनी ट्रक पलटा, नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर लगा जाम

नवभारतटाइम्स.कॉम
mini truck overturned on noida greno expressway severe traffic jam near sector 132
NBT न्यूज, नोएडा

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-132 के सामने मंगलवार को मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई किलोमीटर तक यातायात प्रभावित रहा। दोपहर 1:30 बजे के व्यस्त समय में हुई इस घटना से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि ट्रैफिक पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया, वाहनों को सर्विस लेन व एक्सप्रेसवे से निकालने के साथ ही ट्रक को हाइड्रा से टो करके हटाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक पलटते ही सड़क पर सामान बिखर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस और संबंधित विभाग की टीम पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने और सड़क पर सामान को साफ कराने का काम शुरू कराया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई और लोगों को इंतजार करना पड़ा। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने अपील की है कि ओवरलोडिंग से बचें, बारिश और फिसलन के मौसम में सावधानी बरतें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें।