जालसाजी कर बुजुर्ग की जमीन बेचने का आरोप

नवभारतटाइम्स.कॉम
nephew accused of fraudulently selling elderly womans land fraud case registered
n NBT न्यूज, बल्लभगढ़

सेक्टर-3 निवासी एक बुजुर्ग महिला ने अपने ही भतीजे पर जमानत के बहाने खाली कागजों पर हस्ताक्षर कराकर फर्जी एग्रीमेंट तैयार करने और गांव की जमीन बेचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-3 निवासी महिला ने बताया कि उसका भतीजा करीब पांच-छह वर्ष पहले उनके घर आया था। उसने अवैध प्लॉटिंग के एक मामले में जमानत कराने का हवाला देते हुए उससे कुछ खाली कागजों और रसीदों पर हस्ताक्षर करा लिए। महिला का आरोप है कि उन्होंने रिश्तेदारी और विश्वास के चलते बिना किसी शंका के दस्तावेजों पर साइन कर दिए। शिकायत के अनुसार, दिसंबर 2024 में उन्हें पता चला कि उनकी गांव स्थित जमीन पर कुछ लोगों ने चारदीवारी कर कब्जा कर लिया है। पूछताछ करने पर संबंधित लोगों ने बताया कि उन्होंने यह जमीन उसके भतीजे से खरीदी है। इसके बाद जब महिला ने पुलिस से जानकारी ली तो पता चला कि उनके हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर कथित तौर पर फर्जी एग्रीमेंट तैयार किया गया है। महिला का आरोप है कि वह कभी जमीन के एग्रीमेंट के लिए तहसील नहीं गईं, न ही उन्होंने किसी नोटरी के सामने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और न ही जमीन के बदले कोई भुगतान प्राप्त किया।