Noida Tea Seller And Driver Arrested For Robbing Passengers In Auto Also Emptied Bank Accounts
ऑटो में बैठाकर लूटने वाले चायवाला और चालक अरेस्ट
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, नोएडा
सेक्टर-63 थाना पुलिस ने रात के अंधेरे में सवारियों को लिफ्ट देकर लूटने वाले एक शातिर ऑटो गैंग का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह का शिकार बनने वाले लोग न केवल अपनी नकदी और मोबाइल गंवा रहे थे, बल्कि ठग उनके बैंक खातों में भी सेंध लगा रहे थे। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। इस गिरोह की गिरफ्तारी में सबसे अहम सुराग पीड़ित के मोबाइल से किया गया ऑनलाइन ट्रांजेक्शन बना, जिसके डिजिटल ट्रेल का पीछा करते हुए पुलिस लुटेरों के गिरेबां तक जा पहुंची।पकड़े गए आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय चंदन शर्मा और 19 वर्षीय दानिश मलिक के रूप में हुई है। चंदन शर्मा, मास्टरमाइंड है, दिन में चाय की दुकान चलाता था, जबकि दानिश रात में ऑटो चलाता था। दोनों ने मिलकर कम समय में अधिक पैसा कमाने के लिए सवारी बैठाकर लूट की योजना बनाई थी। गिरोह का तीसरा सदस्य एक बाल अपचारी है, जो वारदात के दौरान मददगार की भूमिका निभाता था।
एडिशनल डीसीपी (सेंट्रल नोएडा) स्वतंत्र सिंह ने बताया कि यह गिरोह सुनसान इलाकों में वारदात को अंजाम देता था। गिरोह की बर्बरता का एक मामला 24-25 जून की दरम्यानी रात को सामने आया। बदमाशों ने युवक को बरौला जाने के बहाने ऑटो में बैठाया। उसे गंतव्य तक ले जाने के बजाय, आरोपी पर्थला पुल से सेक्टर-80 की ओर जाने वाली सुनसान सर्विस रोड पर ले गए। वहां आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट की और चाकू के बल पर फोन व 1,000 रुपये नकद लूट लिए। लुटेरों ने पीड़ित को डरा-धमकाकर उसके मोबाइल से बैंक खातों में ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर करवा लिए। यही ऑनलाइन ट्रांजेक्शन पुलिस के लिए सबसे बड़ा हथियार साबित हुआ। सेक्टर-63 पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया था। लोकल इंटेलिजेंस और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन डेटा की मदद से पुलिस ने मंगलवार को बी-1 चौराहे के पास घेराबंदी की। वहां बंद पड़े पेट्रोल पंप के पास सर्विस रोड से दानिश और चंदन को दबोच लिया गया। इनसे लूट का मोबाइल, 2250 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो और एक चाकू बरामद हुआ है।