जेई से हाथापाई, सड़क जाम करने पर FIR

नवभारतटाइम्स.कॉम
obstruction in power restoration assault on je fir registered for road blockage in faridabad
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

पल्ला थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव में बिजली आपूर्ति बहाल करने पहुंचे डीएचबीवीएन के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ कथित अभद्रता, हाथापाई और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जेई की शिकायत, मौके की जांच और वायरल विडियो के आधार पर कई आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 10 जुलाई की शाम दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की टीम इस्माइलपुर में ट्रांसफाॅर्मर लगाने पहुंची थी। आरोप है कि कुछ लोगों ने ट्रांसफाॅर्मर ले जा रहे वाहन का रास्ता रोककर सड़क जाम कर दी, जिससे बिजली बहाली का कार्य करीब तीन घंटे तक बाधित रहा। जेई शिवकुमार ने शिकायत में आरोप लगाया कि गुरप्रीत कौर समेत कुछ लोगों ने उनके साथ धक्का-मुक्की, गिरेबान पकड़कर हाथापाई और अभद्रता की, जबकि कुलदीप गुप्ता पर लोगों को भड़काने का आरोप लगाया गया है। विभाग का दावा है कि कुलदीप गुप्ता पर करीब पांच लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। वह बिना मीटर बिजली उपयोग करने का आरोपी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अतिरिक्त बल की मदद से जाम खुलवाकर जेई को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद ट्रांसफार्मर स्थापित कराया गया। पुलिस ने वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि विडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।