Pratapgarh Becomes Faridabads New Bandhwari Local People Protest Against Garbage Dumping
बंधवाड़ी में बंद हुआ तो प्रतापगढ़ में बनने लगा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
Chanderkant.yadav@timesofindia.com
n फरीदाबाद : शहर को कचरामुक्त बनाने और वैज्ञानिक तरीके से कूड़े के निस्तारण के तमाम सरकारी दावे खोखले साबित हो रहे हैं। गुड़गांव के बंधवाड़ी लैंडफिल में फरीदाबाद का कूड़ा जाना बंद क्या हुआ, नगर निगम ने फरीदाबाद के ही प्रतापगढ़ इलाके को नया 'बंधवाड़ी' बनाने की तैयारी कर दी। लेकिन यहां रह रहे लोगों ने इसका विरोध कर दिया। बात इतनी बढ़ी कि निगम कमिश्नर को मौके पर जाकर लोगों को आश्वासन देना पड़ा कि हम 6 महीने बाद यहां कूड़ा नहीं डालेंगे। बता दें कि प्रतापगढ़ कूड़ा डंपिंग स्टेशन पर बिना किसी ठोस कार्ययोजना के खुले में कचरा फेंका जा रहा है, जिससे अब रिहायशी आबादी के बीच कूड़े का एक नया पहाड़ खड़ा होने लगा। एनबीटी ने जब मौके पर जाकर निरीक्षण किया तो दो किलोमीटर के दायरे में भयंकर बदबू फैली हुई थी। स्थानीय लोग इसका विरोध कर रहे हैं।आधे शहर का कचरा यहां डाला जा रहा है
फरीदाबाद शहर से हर रोज करीब 1200 टन कूड़ा निकलता है। पिछले महीने ही बंधवाड़ी कूड़ा निस्तारण प्लांट में फरीदाबाद का कूड़ा जाना पूरी तरह से बंद हो गया था। इसके बाद नगर निगम ने बिना किसी कार्य योजना के आधे शहर का कचरा प्रतापगढ़ डंपिंग स्टेशन पर डालना शुरू कर दिया। जब NBT की टीम ने प्रतापगढ़ स्थित डंपिंग स्टेशन का ग्राउंड जीरो पर जाकर मुआयना किया, तो वहां के हालात बेहद बदतर और डराने वाले मिले। डंपिंग ग्राउंड पर वैज्ञानिक ढंग से गीला और सूखा कूड़ा अलग करने (Waste Segregation) की कोई व्यवस्था नहीं है। नगर निगम की गाड़ियां सिर्फ कचरा लाकर यहां डंप कर रही हैं, जिससे महज कुछ ही हफ्तों में यहां कचरे की विशालकाय पहाड़ी खड़ी हो गई है।