Property Businessman Shyorajs Death Police Questioning Partner And Family Continues Both Murder suicide Angles Being Investigated
कारोबारी के पार्टनर और घरवालों से की पूछताछ
नवभारतटाइम्स.कॉम•
NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
डेल्टा-3 स्थित साईं मंदिर के सामने स्कॉर्पियो में मृत मिले प्रॉपर्टी कारोबारी श्योराज की मौत के मामले में पुलिस की जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सीने में एक गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों से अलग-अलग पूछताछ करने के साथ ही उसके प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े पार्टनर से भी जानकारी जुटाई है। 36 वर्षीय श्योराज रविवार रात डेल्टा-3 साईं मंदिर के सामने सर्विस रोड पर अपनी स्कॉर्पियो में मृत मिले थे। चालक सीट पर खून से लथपथ मिले श्योराज के पास जमीन पर तमंचा भी बरामद हुआ था। शुरुआती जांच के बाद पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है, जबकि परिजन इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान परिवार के सभी प्रमुख सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ की गई है ताकि श्योराज के हाल के विवाद, लेन-देन और गतिविधियों की जानकारी मिल सके। इसके अलावा उनके बिजनेस पार्टनर से भी लंबी पूछताछ की गई है। पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज का भी विश्लेषण कर रही है।