Protest Against Demolition People Gherao Minister Vipul Goyals Office Raise Slogans
तोड़फोड़ का विरोध कर रहे लोगों ने मंत्री कार्यालय को घेरा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, फरीदाबाद
नेहरू कॉलोनी समेत अन्य कॉलोनियों में प्रस्तावित तोड़फोड़ को लेकर लोगों का विरोध सोमवार को भी जारी रहा। सीटू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग लाल झंडों के साथ सेक्टर-16 स्थित कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के कार्यालय पहुंचे और गरीब परिवारों को न उजाड़ने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। लोगों के रोष को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री के भाई अशोक गोयल को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान अशोक गोयल ने कहा कि कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल पहले भी लोगों के बीच पहुंचकर आश्वासन दे चुके हैं कि जब तक सरकार की कोई नीति बनकर सामने नहीं आती, तब तक किसी भी मकान को नहीं तोड़ा जाएगा। आश्वासन के बाद नेहरू कॉलोनी बचाओ संघर्ष समिति ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित करने का फैसला लिया। समिति ने 16 जुलाई को सुबह 10 बजे नगर निगम कार्यालय पर उन सभी परिवारों को बुलाया है, जिनके मकान पहले तोड़े जा चुके हैं। इन परिवारों के मुआवजे के लिए आवश्यक दस्तावेज निगम में जमा कराए जाएंगे।उधर, ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन, हरियाणा की पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से जुड़े अधिवक्ताओं की चार सदस्यीय टीम ने नेहरू कॉलोनी का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। टीम में एडवोकेट रणधीर सिंह साथी, राजविंदर सिंह चंदी, कुलदीप सिंह राणा और शिव कुमार जोशी शामिल रहे। अधिवक्ताओं ने संघर्ष समिति के प्रदर्शन में भी भाग लिया और कहा कि कोई भी सरकार संविधान और कानून से ऊपर नहीं है। उन्होंने कहा कि भूमि स्वामित्व से जुड़े कानूनों और सर्वोच्च न्यायालय के निर्णयों के तहत प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने के लिए आवश्यकता पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी।
प्रदर्शन को संघर्ष समिति के चेयरमैन बिजेंद्र सिंह, संयोजक वीरेंद्र डंगवाल, सीटू के प्रदेश महासचिव जयभगवान, सचिव सुधा, जिला प्रधान निरंतर पाराशर, शिव प्रसाद और अली हसन सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।