रिटायर्ड फौजी के घर दो बार चोरी, तीन गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम
retired soldiers house burgled twice three cunning thieves arrested auto and goods recovered
NBT न्यूज, दादरी : बादलपुर कोतवाली पुलिस ने बंद मकानों में चोरी करने वाले तीन आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद किया है। आरोपियों में गंगा विहार कॉलोनी, दादरी निवासी विनीत राणा, गौरव और गौतमपुरी निवासी रितिक के रूप में हुई है। तीनों ने मिलकर धूममानिकपुर स्थित रिटायर्ड सेना अधिकारी के बंद मकान में दो बार चोरी की थी।

एसएचओ बादलपुर विजय कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने मंगलवार को धूममानिकपुर स्थित गंदे नाले के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने बताया कि सूर्या चमन एन्क्लेव, धूममानिकपुर निवासी रिटायर्ड सेना अधिकारी आशीष कुमार के मकान में सोलर सिस्टम लगा है और रात में बिजली की व्यवस्था न होने के कारण वह दूसरे आवास पर चले जाते थे। मकान अक्सर बंद रहने पर आरोपियों ने पहले रेकी की और फिर 3 व 11 जुलाई को दो अलग-अलग वारदातों में चोरी को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार विनीत ऑटो चालक है, रितिक कासना स्थित एक कंपनी में नौकरी करता है, जबकि गौरव पेंटर का काम करता है। तीनों नशे और मौज-मस्ती के लिए बंद मकानों को निशाना बनाते थे। पुलिस ने गैस सिलिंडर, बैटरी, इन्वर्टर, बिस्तर, चांदी के सिक्के सहित अन्य चोरी का सामान और ऑटो बरामद किया है।