Road Accident In Faridabad Speeding Car Hits Bike One Youth Dead Another Critically Injured
बाइक को तेज़ रफ्तार गाड़ी ने मारी टक्कर, युवक की मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
अलग-अलग थानाक्षेत्र में हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य दिल्ली के ट्रॉमा सेंटर में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। पीड़ित परिवारों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में तिलपत की पोप कॉलोनी निवासी मनोज कुमार ने बताया कि उनके साढ़ू का बेटा लवीश प्राइवेट नौकरी करता था। 11 जुलाई को वह काम के सिलसिले में नोएडा गया था। देर रात करीब 2:36 बजे लवीश ने अपने पिता को फोन कर बताया कि वह घर के लिए निकल चुका है। करीब आधे घंटे बाद परिवार को सूचना मिली कि पल्ला पुल और नए पल्ला पुल के बीच उसका एक्सीडेंट हो गया है। परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और लवीश को बीके सिविल अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लवीश अपनी बाइक से तिलपत लौट रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में रैपिडो बाइक सवार घायल, गंभीर
पुलिस के अनुसार, उत्तरप्रदेश के सुल्तानपुर निवासी रामबहादुर, वर्तमान में लोनी (गाजियाबाद) में रहते हैं। इन्होंने शिकायत दी है कि उनका बेटा रामसंजीवन (29) रैपिडो बाइक चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। छह जुलाई को वह अपनी बाइक से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। जब वह ओल्ड फरीदाबाद स्थित भूड कॉलोनी में रामा स्वीट्स के पास पहुंचा, तभी पीछे से आई कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। रामसंजीवन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, मेडिकल जांच में चेहरे, गर्दन और दोनों हाथों पर कई चोटों के अलावा गाल पर गहरा घाव पाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उसके सिर का ऑपरेशन किया गया। दोनों घटनाओं में पल्ला और ओल्ड थाना पुलिस ने केस दर्ज कर वाहन चालकों की तलाश शुरू कर दी है।