‘वकीलों को भी कैशलेस इलाज’

नवभारतटाइम्स.कॉम
Navbharat Times
n NBT न्यूज़, गोरखपुर

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार अधिवक्ताओं को भी कैशलेस इलाज की सुविधा देने के लिए तैयार है। इसके लिए एक व्यवस्था बनाई जाएगी। योगी मंगलवार को यहां बार असोसिएशन सिविल कोर्ट की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के परिचय समारोह को संबोधित कर रहे थे।
योगी ने कहा कि बीते 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत के प्रति आकर्षण बढ़ा है, लेकिन कई ताकतें उसे स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। देश की प्रगति रोकने के लिए अनेक षड्यंत्र किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और फर्जी अकाउंट्स के जरिए लोगों को आपस में लड़ाने, क्षेत्र-मत-भाषा के आधार पर समाज को विभाजित करने का प्रयास किया जाएगा। न्यायपालिका, विधायिका और कार्यपालिका पर अंगुली उठाने की साजिश होगी। अधिवक्ताओं को ऐसी साजिशों के विरुद्ध खुद को तैयार रखना होगा। उन्होंने कहा कि जिस यूपी की पहचान पलायन और बेरोजगारी बन गई थी, आज वह सबसे कम बेरोजगारी दर वाला राज्य बन गया है।

अधिवक्ता कल्याण निधि पांच लाख की : योगी ने कहा कि अधिवक्ता कल्याण निधि पहले डेढ़ लाख रुपये थी, हमने बढ़ाकर पांच लाख रुपये की। चार हजार अधिवक्ताओं को अब तक 200 करोड़ रुपये की धनराशि दी गई है। आर्थिक सहायता के लिए अधिवक्ताओं की उम्र सीमा बढ़ाकर 70 वर्ष की।