Dtc की तरह दिखे रूट डिस्प्ले, तो पता चले कहां जा रहीं ई बस
DTC की तरह दिखे रूट डिस्प्ले, तो पता चले कहां जा रहीं ई-बस
नवभारतटाइम्स.कॉम•
इनके चालू नहीं होने से लोगों समझ नहीं पाते कि कौन सी बस कहां जाएगी
n गुनगुन शर्मा, नोएडा
दिल्ली की इलेक्ट्रिक बसों में आगे लगे एलईडी रूट डिस्प्ले दूर से ही यात्रियों को बता देते हैं कि बस किस रूट पर जाएगी। इसके विपरीत नोएडा की इलेक्ट्रिक बसों में एलईडी डिस्प्ले लगे होने के बावजूद अधिकांश बसों में उन्हें चालू नहीं किया जाता। ऐसे में यात्रियों को बस के ड्राइवर और कंडक्टर से रूट पूछना पड़ता है। साथ ही बस स्टॉपेज के छोटे बोर्ड तो लगाए गए हैं, लेकिन इनके बारे में लोगों को जानकारी नहीं हैं। यह व्यवस्था यात्रियों की परेशानी बढ़ाने के साथ-साथ बसों में कम सवारी होने का भी एक बड़ा कारण बन रही है। एनबीटी टीम ने मंगलवार को सेक्टर-37 बस स्टॉप पर इलेक्ट्रिक बस सेवा की पड़ताल करते हुए देखा कि हर पांच मिनट में इलेक्ट्रिक बसें तो आ रही हैं, लेकिन किसी भी बस में लगी एलईडी डिस्प्ले पर रूट नहीं दिखाया जा रहा था। दूर खड़े यात्री समझ नहीं पा रहे थे कि कौन-सी बस कहां जाएगी। यात्री कंडक्टर से बस के बारे में पूछने लगे। बाद में कंडक्टर यात्रियों को बुलाने के लिए बस के गेट पर खड़े होकर आवाज लगाने लगे। यदि एलईडी डिस्प्ले चालू रहती तो यात्रियों को खुद बस के रूट की जानकारी मिल जाती। जब इस संबंध में एक बस के ड्राइवर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वे एलईडी डिस्प्ले चलाते नहीं हैं। खुद आवाज लगाकर ही यात्रियों को बुला लेते हैं। उसी से काम चल जाता है। वह पूरे दिन में सेक्टर 37 से 62 तक सिर्फ दो चक्कर लगाते हैं।