हजरतगंज वॉर्ड से 6 बार के भाजपा पार्षद नागेंद्र सिंह चौहान पार्टी पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। उन्होंने पार्टी छोड़ने तक की बात कह दी है। उनका कहना है कि करीब 10 साल पहले सांसद राजनाथ सिंह के कहने पर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए थे, लेकिन अब उन्हें कोई मान-सम्मान नहीं मिल रहा। नागेंद्र का आरोप है कि भाजपा पार्षद दल का उपनेता वरिष्ठता के आधार पर उन्हें बनाया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में रहते हुए वह लगातार कार्यकारिणी सदस्य और पार्षद दल नेता रहे। पार्षद ने कहा, मेरे साथ राजाराम मोहन राय वॉर्ड की पार्षद और मेरी बहन मधु सिंह ने भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा जॉइन की थी। इन दोनों वार्डों में इससे पहले कभी भाजपा नहीं जीती थी। इसके बावजूद हमें कोई पद नहीं दिया गया।
मुश्किल बढ़ा सकता है पार्षद का रुख
भाजपा पार्षद दल में पिछले कुछ समय से अवस्थापना निधि के वितरण को लेकर असंतोष है। 36 पार्षद पहले ही सीएम को पत्र लिखकर अवस्थापना निधि के बंटवारे में भेदभाव का आरोप लगा चुके हैं। ऐसे में वरिष्ठ पार्षद का यह बयान पार्टी के लिए नई मुश्किल खड़ी कर सकता है।