Bhadohi Renamed Sant Ravidas Nagar Cm Yogi Announces
भदोही का नाम फिर से संत रविदास नगर
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, वाराणसी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गुरु रविदास की जन्मस्थली सीरगोवर्धपुर में भाजपा के समरसता संकल्प अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने भदोही जिले का नाम फिर से संत रविदास नगर रखने का ऐलान किया। योगी ने कहा कि संत रविदास के विचार सामाजिक भेदभाव समाप्त करने और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं, लेकिन वे लोग संतों की बात स्वीकार नहीं करेंगे, जो समाज को बांटने का काम करते हैं और जिनके आदर्श बाबर और औरंगजेब हैं।योगी ने कहा, हर सच्चे भारतीय का दायित्व है कि वह संत रविदास के विचारों को अपनाते हुए भारत के निर्माण में योगदान दे। सामाजिक समरसता अभियान के जरिए हम संत रविदास के विचारों को घर-घर तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महापुरुषों की विरासत संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए पूरे प्रदेश में महापुरुषों की सभी प्रतिमाओं पर छतरी भी लगवाई जाएगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि संविधान में समानता और भाईचारे की भावना ब्रिटिश पंरपरा से नहीं, बल्कि भारतीय संत परंपरा और खासकर संत रविदास के विचारों से प्रेरित है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि संत रविदास ने समानता का संदेश दिया, लेकिन कुछ पार्टियां सिर्फ जाति की राजनीति कर रही हैं। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग और भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य भी मौजूद रहे।
नहीं आए नितिन नवीन : कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को भी शामिल होना था। बिहार उपचुनाव की व्यस्तता के कारण उनका कार्यक्रम निरस्त हो गया।