Former State Minister Nanakdeen Bhurjis Death Brother Accuses Caretaker Of Murder Police Investigating
पूर्व राज्यमंत्री के भाई ने लगाया केयरटेकर पर हत्या का आरोप
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश महामंत्री और पूर्व राज्यमंत्री (दर्जा प्राप्त) नानकदीन भुर्जी की मौत मामले में नया मोड़ आ गया है। उनके छोटे भाई ने विधायक हंसूराम के केयरटेकर मोहम्मद आरिफ पर बड़े भाई की हत्या का आरोप लगाते हुए हजरतगंज कोतवाली में तहरीर दी है। बुधवार को भैंसाकुंड पर पूर्व राज्यमंत्री के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मदेयगंज के खदरा स्थित आवास से बुधवार सुबह नानकदीन भुर्जी की अंतिम यात्रा शुरू हुई। इस दौरान उनकी पत्नी मंजू देवी गश खाकर गिर गईं। दरअसल, नानकदीन भुर्जी की मंगलवार को दारुलशफा स्थित नए विधायक निवास की सातवीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर मौत हो गई थी। पोस्टमॉर्टम के बाद नानकदीन का शव घरवालों को सौंप दिया गया था। नानकदीन के छोटे भाई प्रदीप कुमार गुप्ता ने हजरतगंज पुलिस को तहरीर देकर विधायक हंसूराम के केयरटेकर मोहम्मद आरिफ पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उनके अंतिम संस्कार में भाजपा के कई नेता व उनके करीबी मौजूद रहे। हर तरफ एक ही चर्चा तैर रही थी कि आखिर ऐसी क्या वजह थी, जिसको लेकर नानकदीन ने इतना बड़ा कदम ले लिया।