Inflation Affects Marigold Flowers Prices Rise In Sawan
गेंदे पर भी पड़ी महंगाई की मार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, लखनऊ: इस बार सावन में फूलों पर भी महंगाई की मार पड़ी है। प्रचंड गर्मी के बाद अब बरसात में खेतों में पानी भर जाने से गेंदे की फसल काफी प्रभावित हुई है। किसान फूलमंडी असोसिएशन के उपाध्यक्ष विजयेंद कुमार गौड़ ने बताया कि सावन में गेंदे के फूल की ज्यादा मांग होती है। इस साल ज्यादा गर्मी पड़ने से गेंदे के अधिकतर पौधे खराब हो गए और बाकी कसर बरसात ने पूरी कर दी। इस कारण गेंदे की फूलों की कमी हो गई है। इस समय फूल भोपाल और रतलाम से आ रहा है। मंडी में मंगलवार को गेंदा 80 से 100 रुपये/किलो के भाव से बिका।
भूतनाथ बाजार के फूल विक्रेता अर्जुन ने बताया कि फुटकर बाजार में गेंदा 150 रुपये/किलों के भाव से मिल रहा है, लेकिन सावन में इसके दाम 200 रुपये के पार जा सकते हैं। लखनऊ में मलिहाबाद, काकोरी, उन्नाव और आसपास के क्षेत्रों से गेंदे की सप्लाई होती है, लेकिन पौधे खराब होने से रतलाम से फूल मंगाया जा रहा है। गेंदे के अलावा गुलाब और गुलदाउदी भी बाजार में हैं, लेकिन उसी मांग ज्यादा नहीं होती है।