n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव : निवेश के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी में साइबर क्राइम थाना साउथ पुलिस ने ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी रोहित रेवाड़ी के लुलाहिर गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को शनिवार को गुड़गांव से गिरफ्तार किया। दरअसल, जून 2025 को पुलिस को निवेश के नाम पर 23 लाख रुपये की ठगी की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी रोहित ने अपने साथियों के साथ एक अन्य शख्स को नौकरी दिलाने का झांसा दिया और उसके नाम पर एक बैंक खाता खुलवाया। इसके बाद आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया। शिकायतकर्ता से ठगे 23 लाख में से तीन लाख रुपये इसी बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए। पुलिस के अनुसार, खाता उपलब्ध कराने के बदले आरोपी रोहित को साइबर ठगों से कमीशन मिलता था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।



