सीएम ने दिए आदेश, डीएम की अगुवाई में होगी जांच

नवभारतटाइम्स.कॉम

साकेत मेट्रो स्टेशन के पास हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने जांच के आदेश दिए हैं। महरौली थाने में मामला दर्ज हुआ है। दक्षिण जिला के जिलाधिकारी जांच करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने भी दुख जताया है।

saket metro accident investigation under dms leadership on cms orders criminal case registered

n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साकेत मेट्रो स्टेशन के पास हुए हादसे के बाद घटनास्थल का दौरा किया और राहत और बचाव के कामों का जायजा लिया। उनके निर्देश पर महरौली थाने में आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही, हादसे के वास्तविक कारणों और जवाबदेही तय करने के लिए दक्षिण जिला के जिलाधिकारी के नेतृत्व में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि नागरिकों की सुरक्षा दिल्ली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रविवार को मुख्यमंत्री घटनास्थल पहुंची और मौके पर मौजूद अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली और चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बचाव अभियान में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।

रेखा गुप्ता ने अस्पतालों में भर्ती घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना दुखद है। इस कठिन समय में दिल्ली सरकार पूरी तरह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

उपराज्यपाल ने जताया दुख

दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में मारे गए और घायलों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को युद्धस्तर पर बचाव कार्य जारी रखने, घायलों को हर संभव मेडिकल केयर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।