NBT न्यूज,यमुना नगर : जिले में हुए सड़क हादसे में शनिवार की रात अमेरिका से डिपोर्ट 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब चारों युवक कार में सवार होकर कालाआंब की ओर जा रहे थे। असगरपुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी कार की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। वहीं टक्कर से कार के एक साइड के दो टायर फट गए। यहां तक रिम तक टूट गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया।
मारे गए व्यक्ति की पहचान रितिक के रूप में हुई है। उनके पिता राजेंद्र कुमार सरपंच रह चुके हैं। रितिक करीब ढाई साल पहले डोंकी के रास्ते अमेरिका गया था और वहां पर ट्रक चलाता था।



