पूरे दिन हो रही ट्रिपिंग और कट, लोगों की बढ़ीं मुश्किलें

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव के सेक्टर-99ए में बिजली की समस्या से लोग परेशान हैं। परिना कोबान सोसायटी में दिन भर बिजली कट रहे हैं। इससे बच्चों, बुजुर्गों और काम करने वालों को दिक्कत हो रही है। इनवर्टर भी जवाब दे रहे हैं। लिफ्ट और पानी की सप्लाई भी प्रभावित है।

gurugram chaos due to power cuts in sector 99a peoples problems increase

n NBT न्यूज, गुड़गांव

सेक्टर-99A स्थित परिना कोबान सोसायटी में पूरे दिन ट्रिपिंग और लंबे बिजली कटों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। उनका कहना है कि दिन में करीब एक से दो घंटे के दो बड़े बिजली कट जरूर लग रहे हैं, जिससे लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो रही है।

तेज गर्मी के बीच लगातार बिजली जाने से घरों में रहने वाले बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। लोगों का कहना है कि बार-बार बिजली कटने से इनवर्टर भी जवाब देने लगे हैं। वहीं लिफ्ट, पानी की सप्लाई और अन्य जरूरी सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं। वर्क फ्रॉम होम करने वाले लोगों और ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे बच्चों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। जानकारी के अनुसार, सोसायटी में 500 से ज्यादा फ्लैट हैं, जिनमें बड़ी संख्या में परिवार रह रहे हैं। आसपास के कई सेक्टर भी इसी बिजली समस्या से प्रभावित हो रहे हैं, जिससे हजारों लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बिजली निगम के एक अधिकारी ने बताया कि लगातार बढ़ रही ओवरलोडिंग की वजह से बिजली कट लगाने पड़ रहे हैं। अधिकारी के अनुसार, जिन सब स्टेशनों से इन सेक्टरों को बिजली सप्लाई दी जा रही है, वहां हाल ही में लोड बढ़ाया गया है, लेकिन मौजूदा जरूरत के मुकाबले वह अभी भी कम पड़ रहा है। नया सब स्टेशन शुरू होने तक लोगों को इसी तरह की परेशानी झेलनी पड़ सकती है और उसे चालू होने में अभी करीब एक साल का समय लग सकता है।