n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
आईएमटी-मानेसर के उद्योगों को बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्या से राहत देने के लिए सेक्टर-8 में नया 66/11 केवी पावर सब-स्टेशन बनाया जा रहा है। हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (HSIIDC) ने करीब 28 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना पर काम शुरू कर दिया है।
गर्मी के मौसम में बढ़ती बिजली मांग के बीच मानेसर के इंडस्ट्रियल एरिया में लंबे समय से वोल्टेज में उतार-चढ़ाव और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायतें मिलती रही हैं। नए सब-स्टेशन का उद्देश्य उद्योगों को अधिक भरोसेमंद और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना है, ताकि ट्रिपिंग और बार-बार होने वाले कटों की समस्या कम हो सके। एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों के अनुसार, नए सब-स्टेशन के शुरू होने के बाद आईएमटी मानेसर के सेक्टर-1, 2, 3, 4 और सेक्टर-8 पर पड़ रहा बिजली का अतिरिक्त दबाव कम होगा। इससे इन सेक्टरों में बिजली वितरण व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। वहीं HSIIDC के एजीएम राजीव गोयल ने बताया कि सेक्टर-8 में बन रहा 66 केवी सब-स्टेशन इंडस्ट्रियल एरिया की बढ़ती बिजली जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भविष्य में इसे अन्य इलाकों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था से भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि बिजली विंग ने पिछले वर्ष टेक्नोलॉजी पार्क स्थित 220 केवी सब-स्टेशन को इंडस्ट्रियल एरिया से अंडरग्राउंड केबल नेटवर्क के जरिए जोड़ने का काम शुरू किया था। हाल ही में सेक्टर-8 को भी इस नेटवर्क से जोड़ा गया है। इससे बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ेगी और उद्योगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।



