n NBT न्यूज, गुड़गांव
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर रविवार को तंबाकू और नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। कहीं वॉकथॉन आयोजित किया गया तो कहीं लोगों को शपथ दिलाई गई। लोगों ने तंबाकू मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
स्वास्थ्य विभाग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला कारागार भोंडसी में शपथ समारोह आयोजित किया गया। इसमें करीब 150 बंदियों और कर्मचारियों ने शपथ ली। इस दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। इस मौके पर अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं डीएलएसए अध्यक्ष नरेंद्र सूरा, सचिव निशा, जेल अधीक्षक विकास कौशिक आदि मौजूद रहे।
सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी और सरकारी स्कूलों में शपथ ग्रहण कराया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों को शपथ दिलाई गई। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. अजय, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. सचिन खटाना, संजीव कुमार मौजूद रहे। फोर्टिस हेल्थकेयर के तहत संचालित मनोरोग एवं नशामुक्ति अस्पताल अदायु ने इंडियन मेडिकल असोसिएशन के सहयोग से वॉकथॉन का आयोजन किया। इस मौके पर अदायु के चीफ ऑफ क्लीनिकल सर्विसेज डॉ. मंतोष कुमार, ईएमए गुड़गांव के अध्यक्ष डॉ. राजेश कटारिया, सचिव डॉ. विनीता यादव आदि मौजूद रहे।



