n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
नाकाबंदी तोड़ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर गाड़ी से कुचलने की कोशिश करने के पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को भोंडसी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खलील नूंह के सालाहेड़ी गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसे पुरानी सोहना-अलवर रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 31 अगस्त 2025 को काउ प्रोटेक्शन यूनिट को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर गुड़गांव के रास्ते प्रतिबंधित पशुओं को राजस्थान ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। टीम ने गढ़ी वाजिदपुर-बैरका रोड पर नाकाबंदी की। इसी दौरान एक बिना नंबर की आयशर गाड़ी आती दिखी। टीम ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश कर गाड़ी उनकी ओर चढ़ा दी। हालांकि पुलिसकर्मियों ने खुद को बचा लिया और आरोपियों का पीछा किया। आरोपी गाड़ी को रास्ते में ही छोड़कर भागने लगे। टीम ने एक आरोपी शौकीन निवासी सालाहेड़ी नूंह को पकड़ लिया था। अन्य आरोपी फरार हो गए थे। तलाशी में सात प्रतिबंधित पशु मिले। भोंडसी थाने में केस दर्ज कर जांच की गई। रेकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी खलील आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी गुड़गांव के अलग-अलग थानों में पशु तस्करी , पशु क्रूरता अधिनियम, आर्म्स एक्ट और पुलिस टीम पर हमले के चार मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार मामले में सात आरोपी पकड़े जा चुके हैं।



