nNBT रिपोर्ट, लखनऊ
लखनऊ विश्वविद्यालय की ओर से शहर के 38 केंद्रों पर रविवार को उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। बिना किसी रुकावट के परीक्षा शांतिपूर्वक निपटी। शहर में लगभग 87 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। पिछले कुछ सालों की तुलना में इस बार अभ्यर्थियों की उपस्थिति बेहतर रही है। एलयू की ओर से परीक्षा की व्यवस्था के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
पेपर ज्यादा मुश्किल नहीं था : परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया इस बार पेपर ज्यादा मुश्किल नहीं रहा। बीबीएयू में परीक्षा देने आए इंदिरानगर निवासी आलोक ने बताया कि पहला पेपर जीएस व लैंग्वेज था। यह कॉमन पेपर था जो सभी को देना था। यह ज्यादा मुश्किल नहीं रहा। कई अभ्यर्थियों ने तो समय से पहले ही पेपर हल कर लिया। इसके बाद दूसरी पाली में विषय से जुड़े पेपर रहे। इसमें साइंस का पेपर थोड़ा मुश्किल आया था। जबकि आर्ट्सऔर कॉमर्स के अभ्यर्थियों के मुताबिक पेपर अपने निर्धारित पैटर्न पर ही आया था। ठीक से तैयारी करने वालों के लिए ज्यादा मुश्किल नहीं रहा।



