n NBT रिपोर्ट, गुरुग्राम
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत रविवार को माधवगढ़ फार्म में गुड़गांव जिला प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन बीजेपी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कार्य-विस्तार, विचारधारा, संगठन की मजबूती और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने “पार्टी के कार्य-विस्तार” विषय पर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। डॉ. पूनिया ने कहा कि बीजेपी आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है, तो इसके पीछे करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत है। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और यही बीजेपी की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की बात कही। बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग ऊर्जा, अनुशासन और समर्पण का उदाहरण है। जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि इस तरह के शिविर कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से समृद्ध करते हैं। कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक मुकेश शर्मा, प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, बोधराज सीकरी, जिला महामंत्री अजीत यादव, मनीष सैदपुर, बेगराज यादव, जिला मीडिया प्रभारी हितेष चौधरी, सह मीडिया प्रभारी वरुण चौहान सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



