n NBT न्यूज झज्जर
गांव दुजाना में रविवार को जमीन के विवाद और पुरानी रंजिश के चलते 68 साल के बुजुर्ग की गोली मार हत्या कर दी गई। विजय कुमार (68) अपने बेटे सुनील के साथ खेत में पानी देने आए थे। इसी दौरान दो बाइकाें पर आए चार युवकों ने उन पर फायरिंग कर दी और फरार हो गए। जानकारी के अनुसार गांव दुजाना के विजय कुमार अपने बेटे अनिल की हत्या के मामले में मुख्य गवाह थे।
करीब तीन साल पहले अनिल की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की गवाही के बाद से ही परिवार पर खतरा बताया जा रहा है। इसके तहत पुलिस ने परिवार को सुरक्षा भी दी थी। हत्या का शक गांव बिरधाना के संजय पर जताया जा रहा है। संजय पर पत्नी की हत्या का भी आरोप है, पत्नी की हत्या के बाद से ही आरोपी संजय फरार है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। पुलिस ने फरेंसिक साइंस लैब (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया। पुलिस को मौके से करीब आधा दर्जन गोलियों के खोल भी बरामद हुए है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश और जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पहले बेटे की हत्या और अब पिता की हत्या ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारी भी बात करने से बच रहे हैं।



