n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
न्यू माता रोड पर नोकिया केयर के पास कार सवार एक युवक पर जानलेवा हमला कर लूट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित की गाड़ी को घेरकर हमला किया। वारदात के बाद आरोपी पीड़ित के गले से सोने की चेन और गाड़ी में रखे 15 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। सेक्टर-14 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
राजीव नगर निवासी विकास ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:15 बजे वह अपने साथी साहिल के साथ थार गाड़ी में सेक्टर-14 से घर लौट रहे थे। गाड़ी साहिल चला रहे थे और विकास बगल में बैठे थे। आरोप है जैसे ही वे न्यू माता रोड पर नोकिया केयर के पास पहुंचे, पीछे से एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो, एक बोलेरो और बाइक वहां पहुंची। सड़क पर भारी ट्रैफिक होने के कारण थार रुक गई, तभी आरोपियों ने पीछे से उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। आरोप है कि विकास जैसे ही गाड़ी से नीचे उतरा, स्कॉर्पियो और बोलेरो से राजीव नगर निवासी भारत, खांडसा निवासी अवनेश राघव, अंशुल डागी, पप्पू, राज और उनके साथ 4-5 अन्य युवक हथियार लेकर नीचे उतरे। आरोपियों ने विकास को घेरकर हमला कर दिया। इस दौरान एक युवक ने लोहे की डोली से विकास के सिर पर कई वार किए, जबकि दूसरे ने सॉस की कांच की बोतल सिर पर दे मारी। सिर पर घाव होने और खून बहने के कारण विकास बेहोश हो गए। आरोपी मौके से फरार हो गए। होश आने पर विकास को पता चला कि हमलावर गले से सोने की चेन और गाड़ी के केबिन में रखे 15 हजार रुपये भी निकाल ले गए हैं। पीड़ित के भाई नरेंद्र और साहिल ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों को सिर में गंभीर चोटों के कारण उसकी इमरजेंसी सर्जरी करनी पड़ी। सूचना मिलने पर सेक्टर-14 थाने में तैनात हेड कांस्टेबल मैनपाल शनिवार को अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों से पीड़ित का फिटनेस सर्टिफिकेट मिलने के बाद विकास के बयान दर्ज किए गए।



