n NBT न्यूज, ग्रेनो वेस्ट
ग्रेटर नोएडा की सुपरटेक ईको विलेज-1 सोसायटी में निवासियों ने मेंटिनेंस चार्ज बढ़ाए जाने के विरोध में रविवार को प्रदर्शन किया। आरोप है कि YG फैसिलिटी एजेंसी ने 29 मई को नोटिस जारी कर 1 जून 2026 से मेंटिनेंस शुल्क में 89 पैसे प्रति वर्ग फुट की बढ़ोतरी लागू करने की घोषणा कर दी, जबकि इसके लिए निवासियों की सहमति नहीं ली गई। निवासियों का कहना है कि वर्ष 2025 में एजेंसी की नियुक्ति के समय ई-मेल के जरिए 2.36 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर पर सेवाएं देने का आश्वासन दिया गया था। अब मात्र आठ महीने बाद शुल्क बढ़ाया जा रहा है, जबकि परिसर में बिजली, सुरक्षा, पार्किंग, क्लब, कूड़ा निस्तारण और लिफ्ट जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। लोगों का आरोप है कि मेंटिनेंस शुल्क के अलावा जिम, क्लब, इवेंट, गेस्ट रूम, कियोस्क और अन्य मदों में भी अतिरिक्त वसूली की जा रही है। निवासियों ने बढ़ा हुआ शुल्क वापस लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि निर्णय वापस नहीं होने पर एजेंसी को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मामले में जिलाधिकारी और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ को भी पत्र भेजा जाएगा। वहीं, एजेंसी का पक्ष जानने के लिए संपर्क किए गए अधिकारी नीतीश अरोड़ा से बात नहीं हो सकी।



