n NBT न्यूज, नोएडा : शहर में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए छह युवकों का एक विडियो तेजी से वायरल हो रहा है। करीब 17 सेकंड के इस विडियो में तीन बाइकों पर सवार छह युवक सोमवार रात लगभग 11 बजे बिना शर्ट और बिना हेलमेट के खतरनाक तरीके से वाहन चलाते और हुड़दंग करते नजर आते हैं। यह घटना सेक्टर-12/22 चौराहे की बताई जा रही है।
चश्मदीदों के अनुसार युवक सड़क पर तेज शोर-शराबा कर रहे थे जिससे अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी हुई। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने नोएडा पुलिस को टैग कर नाराजगी जताई और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। यूजर्स का कहना है कि जहां आम जनता का चालान छोटी गलतियों पर हो जाता है, वहां चौकी के ठीक सामने पुलिस को ये हुड़दंगी दिखाई नहीं दिए। नोएडा पुलिस के अधिकारियों ने विडियो का संज्ञान लेते हुए बताया कि वाहनों के नंबरों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।


