n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
नगर निगम की ओर से अब घरों से कूड़ा उठाने का काम स्थायी रूप से शुरू किया जाएगा। निगम का दावा है कि यह काम जुलाई से शुरू हो जाएगा। इसे योजना के तहत इसी सप्ताह 450 करोड़ रुपये के टेंडर ओपन किए जाएंगे। टेंडर में फिलहाल 4 एजेंसियां सामने आई हैं, जिनमें से 2 क्वॉलिफाई नहीं कर पाईं। उन्हें एक सप्ताह का समय दिया गया है। अब तक अस्थायी तौर पर काम कर रहीं सभी 4 एजेंसियों का जून में एग्रीमेंट समाप्त हो जाएगा। निगम 5 साल के लिए दो एजेंसियों को यह काम देगा। 4 जोन में से प्रत्येक एजेंसी को 2-2 जोन सौंपे जाएंगे।
नगर निगम क्षेत्र में हर दिन करीब 1500 टन कूड़ा निकलता है। करीब 5.5 लाख रेजिडेंशल, कमर्शल, इंडस्ट्रियल सहित अन्य यूनिट्स से यह कूड़ा निकलता है। इसमें 1100 टन गीला और 400 टन सूखा कूड़ा होता है। पिछले 2 साल से नगर निगम अस्थायी तौर पर एजेंसियों को 6-6 माह के लिए काम देकर घरों से कूड़ा उठवा रहा है। अब इस काम को स्थायी तौर पर 5 साल के लिए दिया जाएगा। इस पर नगर निगम करीब 450 करोड़ रुपये खर्च करेगा। योजना के तहत 815 वाहनों में से 650 छोटी गाड़ियां होंगी और शेष ई-रिक्शा लगाए जाएंगे। इस काम में 1650 से अधिक कर्मचारियों को लगाया जाएगा। टेंडर में जो एजेंसियां क्वॉलिफाई करेंगी, उन्हें यह काम दिया जाएगा। जून में वर्क ऑर्डर जारी कर जुलाई से काम शुरू कराया जाएगा। एक माह तक एजेंसी 50% वाहन और स्टाफ के साथ काम करेगी। 2 माह के भीतर पूरा स्टाफ और सभी वाहन तैनात कर दिए जाएंगे।



