NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
उद्योग विहार और आईएमटी मानेसर इंडस्ट्रियल एरिया में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डिवेपलमेंट कॉरपोरेशन (HSIIDC) कई तरह के विकास कार्य कराने जा रहा है। कॉरपोरेशन ने सड़कों की मरम्मत, नई सड़क निर्माण, सीवर व्यवस्था के संचालन और बागवानी रखरखाव समेत विभिन्न कार्यों के लिए करोड़ों रुपये के टेंडर जारी किए हैं। इससे इंडस्ट्रियल एरिया में बेहतर कनेक्टिविटी के साथ सुगम आवागमन और आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी।
HSIIDC के टेंडर में सबसे बड़ी परियोजना आईएमटी मानेसर के सेक्टर-1 की सड़कों की री-सरफेसिंग और मरम्मत से जुड़ी है। इस काम पर करीब 3.24 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अंतर्गत सड़कों को नए सिरे से तैयार किया जाएगा ताकि उद्योगों और वहां काम करने वाले लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। इसके अलावा आईएमटी मानेसर के सेक्टर-2, 3, 4, 5 और 7 में बिटुमिनस सड़कों की मरम्मत के लिए 57.24 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। ये सड़कें लंबे समय से क्षतिग्रस्त हैं, इनकी मरम्मत से परिवहन व्यवस्था और बेहतर होगी।
भारी वाहनों की आवाजाही होगी सुगम : उद्योग विहार फेज-1 में प्लॉट नंबर 132 से 137 के सामने नई सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इससे भारी वाहनों की आवाजाही सुगम होगी। वहीं, आईएमटी मानेसर के सेक्टर-1 से 4 में सीवर लाइन से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान और संचालन के लिए तीन महीने का विशेष प्रबंध किया जाएगा। इस कार्य पर 13.57 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।



