n NBT न्यूज, बुलंदशहर
ककोड़ में चोरी के विद्युत तार बरामद करने गई पुलिस टीम और स्थानीय लोगों के बीच भारी हंगामा हुआ। इस दौरान एक सिपाही द्वारा स्क्रैप व्यापारी पर पिस्टल तानने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, पुलिस चोरी का सामान खरीदने के आरोपी व्यापारी पवन को हिरासत में लेने पहुंची थी, जिसका स्थानीय व्यापारियों ने विरोध किया और पुलिस की गाड़ी को घेर लिया। तनावपूर्ण स्थिति और भीड़ के घेराव को देखते हुए सिपाही सचिन तोमर ने आत्मरक्षा में अपनी पिस्टल निकाल ली। एसपी सिटी अभिषेक प्रताप ने बताया कि पुलिस टीम पकड़े गए चोरों के बयान के आधार पर आरोपी व्यापारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लेने गई थी। यह घटना ककोड़ कस्बे के मुख्य बाजार में हुई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। सिपाही की इस कार्रवाई पर विभागीय स्तर पर भी रिपोर्ट तलब की गई है।




