nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : विभूतिखंड क्षेत्र में ईएमआई पर प्लॉट दिलाने का झांसा देकर एक बुजुर्ग महिला से करीब 11 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रियल एस्टेट कंपनी एमजी बिल्डर्स एंड डेवलपर्स की निदेशक, पार्टनर और एजेंट समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
इंदिरानगर निवासी प्रेमा उमराव के मुताबिक वर्ष 2022 में कंपनी के एजेंट प्रियांशु दीक्षित ने उन्हें पिपरसंड के रानीपुर स्थित आवासीय योजना में 1500 वर्गफीट के दो प्लॉट ईएमआई पर दिलाने का प्रस्ताव दिया था। 11 मार्च 2022 को एग्रीमेंट होने के बाद उन्होंने किस्तों में 10.95 लाख रुपये जमा कर दिए। पीड़िता का आरोप है कि पूरा भुगतान करने के बावजूद रजिस्ट्री नहीं की गई। कंपनी के तत्कालीन निदेशक विनय मिश्रा की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी सुमिता मिश्रा ने निदेशक का पद संभाला। कई बार आश्वासन देने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं हुई। बाद में रुपये वापस करने या रजिस्ट्री कराने का लिखित आश्वासन भी पूरा नहीं किया गया।




