n NBT न्यूज, सरोजनीनगर : हज यात्रा कर फ्लाइनेस की उड़ान (एक्सवाई 9062) से मंगलवार को लौटे यात्रियों ने लखनऊ एयरपोर्ट पर हंगामा किया। यात्रियों का आरोप था कि लगेज का ताला तोड़ाकर उसमें से कीमती सामाना चोरी कर लिया गया। इस दौरान यात्रियों की एयरलाइंस कर्मचारियों से नोकझोंक भी हुई। बाद में एयरलाइंस अधिकारियों ने लिमिट से अधिक समान होने की बात कहते हुए दूसरे विमान से सामान मंगवाने का आश्वासन दिया। तब यात्री शांत हुए।
एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि जेद्दा से फ्लाइट के एयरपोर्ट पर उतरने के बाद जब यात्री अपने लगेज लेने फ्लाइनेस एयरलाइंस के काउंटर पर पहुंचे तो पता चला कि कई लोगों के लगेज लखनऊ पहुंचे ही नहीं। कई यात्रियों ने लगेज का ताला तोड़कर कीमती सामान चोरी होने का भी आरोप लगाया। एयरलाइंस अधिकारियों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन यात्री चोरी का आरोप लगाते रहे। हज यात्रियों ने इसका विडियो बनाकर सोशल मीडिया वायरल कर दिया। वहीं एयरलाइंस अधिकारियों ने कहा कि कई यात्रियों के लगेज में मानक से अधिक सामान था। इस वजह से उसे जेद्दा में ही रोक लिया गया है। उन्होंने कहा कि जिसका जो सामान छूटा है, वह दूसरे विमान से पहुंचा दिया जाएगा। हंगामे के दौरान एक बुजुर्ग हज यात्री बेहोश होकर जमीन पर गिर गए। वहीं, एयरपोर्ट चौकी प्रभारी अविनाश वर्मा ने बताया कि 50 यात्रियों का लगेज जेद्दा में छूट गया है। एयरलाइंस ने दूसरे विमान से उनका सामान मंगवा दिया है। सामान चोरी की बात की कोई शिकायत नहीं मिली है।



