nNBT न्यूज, लखनऊ : इटौंजा इलाके में बर्थडे पार्टी की फर्जी बुकिंग के बहाने विडियोग्राफर और उसकी टीम से करीब 17 लाख रुपये के कैमरा उपकरण और फोन लूट लिए गए। टीम का ही एक सदस्य इस वारदात का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने मुख्य आरोपित समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।
माल के रानीखेड़ा निवासी अशोक यादव शादी-पार्टी में विडियोग्राफी करते हैं। अशोक के मुताबिक 31 मई की रात एक व्यक्ति ने वॉट्सऐप कॉल कर बर्थडे पार्टी की फोटोग्राफी के लिए बुकिंग करवाई। वह सोमवार रात अपने साथियों सनी, शशांक गुप्ता, सचिन गौतम और रोहन के साथ लोकेशन पर रवाना हुए। हीरापुरवा तिराहे से माल रोड पहुंचने पर दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उनकी कार रोक ली। तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई और कार की डिक्की में रखे छह कैमरे, सात लेंस, दो गिम्बल तथा चार मोबाइल फोन लूट लिए गए। डीसीपी नॉर्थ गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि कड़ाई से पूछताछ में रोहन ने लूट की साजिश की बात कबूल ली। एसीपी बीकेटी विकास पांडेय ने बताया कि आरोपितों की निशानदेही पर देवरिया निवासी रामानुज और गोंडा निवासी विपिन को हिरासत में लिया गया है। आरोपितों के पास से लूटा गया सामान बरामद कर लिया गया है।




